दुकानों पर जांच करती विभाग की टीम।
डोडा। लोगों को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फूड सेफ्टी विभाग ने रविवार को कस्बे में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान मुख्य बाजार, होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण और स्वच्छता की गहन जांच की गई।
निरीक्षण टीमों ने कच्चे माल, तैयार खाने और रसोई घरों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया। आने वाले त्योहारी सीजन को देखते हुए मिठाई की दुकानों की विशेष रूप से जांच की गई क्योंकि इस समय मांग में तेजी के साथ मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान कुछ सार्वजनिक शिकायतों और अफवाहों के बाद चलाया गया था जिनमें कुछ दुकानों पर मिलावटी और घटिया खाद्य सामग्री बेचे जाने की बात कही गई थी। हालांकि मौके पर जांच और सैंपल की टेस्टिंग के बाद विभाग ने पुष्टि की कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की मिलावट के प्रमाण नहीं मिले।
एक अधिकारी ने कहा कि हम नियमित रूप से ऐसे निरीक्षण करते हैं, लेकिन त्योहारों के नजदीक आने पर निगरानी कड़ी कर दी जाती है। व्यापारियों को साफ-सुथरा माहौल रखने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। नियम तोड़ने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाना बनाते या परोसते समय दस्ताने और टोपी पहनने तथा नाशवान वस्तुओं को उचित तापमान में रखने की सलाह दी है। साथ ही, आम जनता से अपील की गई है कि अगर उन्हें बाजार में कोई संदिग्ध या घटिया खाद्य सामग्री बिकती मिले तो तुरंत फूड सेफ्टी विभाग को इसकी जानकारी दें।