चिनैनी-पटनीटॉप मार्ग पर रोके गए टैंकर। स्रोत: संवाद
- फोटो : udhampur
टैंकर रुकने से लग रहा जाम, हाईवे के किनारे रहने वाले लोग परेशानसंवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। घाटी की ओर जाने वाले टैंकरों को चिनैनी-पटनीटॉप मार्ग के बीच रोका जा रहा है। मार्ग के बीच टैंकर लगने से चिनैनी-पटनीटॉप मार्ग संकरा हो जाता है और इस मार्ग पर चलने वाले लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इसलिए स्थानीय लोगों ने यहां टैंकर न रोकने की मांग की है।
स्थानीय निवासी रमेश कुमार, बलवीर सिंह, राजकुमार ने बताया कि चिनैनी-पटनीटॉप मार्ग के बीच घाटी की ओर जाने वाले टैंकरों को अक्सर रोका जा रहा है। इस कारण मार्ग संकरा हो जाता है। इस मार्ग का निर्माण कार्य भी जारी है। टैंकरों को आबादी वाले क्षेत्र के निकट रोकने से हादसे की आशंका रहती है, क्योंकि टैंकरों में ज्वलनशील तेल और गैस भरी होती है। आबादी वाले क्षेत्र होने के कारण इन टैंकरों को ऐसी जगह पर रोकना चाहिए, जहां आबादी वाला क्षेत्र न हो।
उन्होंने कहा कि टैंकरों को रोके जाने से कई किलोमीटर दूर तक इनकी लंबी लाइन लग जाती है। ऐसे में जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप आने वाले सैलानी जाम में फंसकर परेशान होते हैं। कई बार घंटों तक जाम नहीं खुल पाता। प्रशासन को इस समस्या से निपटने के लिए विशेष कदम उठाना चाहिए ताकि लोगों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।