किश्तवाड़। दुलहस्ती पावर स्टेशन (एनएचपीसी लिमिटेड) के प्रबंधन ने सोमवार को एडवाइजरी जारी कर डोडा और किश्तवाड़ के लोगों को चिनाब नदी के पास नहीं जाने की चेतावनी दी है। इसमें मुख्य रूप से डुल, बौंजवाड़, चिरहाड़, भंडारकूट, हस्ती, कांदनी, प्रेमनगर और पुल डोडा आदि गांवों के नागरिक शामिल हैं।
इसमें 21 से 22 जुलाई तक चिनाब नदी के किनारे न जाने के लिए आगाह किया है। प्रबंधन के अनुसार 21 की मध्यरात्रि से 22 जुलाई शाम 6 बजे तक जलाशय फ्लशिंग के लिए दुलहस्ती पावर स्टेशन के बांध के गेट खोले जाएंगे। इस दौरान चिनाब नदी के निचले इलाकों में नदी का जलस्तर दो से तीन मीटर तक बढ़ने की संभावना है। इसलिए लोगों से नदी के किनारे नहीं जाने और मवेशियों को भी नहीं भेजने के लिए कहा गया है। इसके बावजूद यदि कोई चेतावनी की अनदेखी करता है तो नुकसान के लिए स्वयं जिम्मेदार होगा।