संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। चुनाव प्रक्रिया से संबंधित मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए जिला चुनाव अधिकारी (डीईओ) सलोनी राय ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ शुक्रवार को बैठक की। इस दौरान उन्होंने जिले में चुनावी तंत्र को और मजबूत बनाने के लिए उनके सुझाव भी मांगे।
बैठक की शुरुआत में डीईओ ने राजनीतिक प्रतिनिधियों को चुनावी तंत्र, मतदाता संख्या से संबंधित प्रमुख आंकड़ों, दिव्यांग लोगों के लिए की गई पहल के बारे में जानकारी दी। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने चुनावी तंत्र को मजबूत करने के लिए कई सुझाव दिए, जिनमें एक हजार की आबादी वाले क्षेत्रों में मतदान केंद्रों की स्थापना, एक ही मतदान केंद्र में एक परिवार के सदस्यों को समूह में रखने के लिए मतदान केंद्रों को युक्तिसंगत बनाना, मतदान केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग कतार का बंदोबस्त, प्रतिकूल मौसम की स्थिति से निपटने के लिए मतदान केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्था, विशेष रूप से दूर-दराज के क्षेत्रों में मतदाताओं के लिए यात्रा की दूरी कम करने के लिए मतदान केंद्रों की संख्या में वृद्धि इत्यादि के सुझाव शामिल थे।
डीईओ ने सभी सुझावों को सुना तथा उन बस्तियों के बारे में विशेष विवरण मांगा, जहां लोगों को वोट डालने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। उन्होंने निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों को मतदाताओं के अनावश्यक स्थानांतरण को रोकने का भी निर्देश दिया।