केंद्र सरकार द्वारा देश में बड़े नोट बंद करने का असर सराफा बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। शहर की ज्यादातर स्वर्णकारोें की दुकानों से सोना गायब हो गया है। कई स्वर्णकारों ने तो कई दिन से दुकानें ही बंद कर दी हैं। कुछ स्वर्णकार पुलिस और प्रशासन की नजरों में धूल झोंककर दोगुना दामों पर सोना बेच रहे हैं। देशभर में बड़े नोट बंद होने के बाद से हर तरफ हड़कंप मचा हुआ है। इसका सीधा असर सराफा बाजार पर भी देखने को मिल रही है।
शहर के ज्यादातर दुकानों के शो-कैसों से सोना पूरी तरह से गायब ही हो गया है। स्वर्णकार बड़े नोटों के न होने के कारण अथवा प्रशासनिक सख्ती से डरकर सामान ही नहीं बेच रहे। कई छोटे दुकानदारों ने तो कुछ दिनों से दुकानें ही बंद रखी है। हर दिन फैले नए अफवाहों के कारण कोई भी काम का जोखिम नहीं उठा रहा।
ऐसे में कुछ दुकानदारों द्वारा मौके का फायदा उठाकर दोगुना दामों पर सोना प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर बेचा जा रहा है। जिन लोगों के घरों में इस समय शादी समारोह है, उन्हें मजबूर होकर दोगुना दामों पर सोना खरीदने पर विवश होना पड़ रहा है।
क्या कहते हैं अधिकारी
संबंधित विभागों को इस बारे में जरूरी हिदायतें दे दी गई हैं। नापतौल विभाग के साथ अन्य विभागों की टीम को गठित कर इस सिलसिले में काम किया जा रहा है। लोगों की मजबूरी का फायदा उठरने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
नीरज कुमार, डीसी
इस संबंध में पहले भी कुछ शिकायतें मिल चुकी हैं। पुलिस दो नंबर में सोना बेचने वालों पर पैनी निगाह बनाए हुए है। पुलिस द्वारा इसके लिए एक टीम का गठन भी किया गया है जो खुफिया ढ़ंग से काम कर रही है।
शैलेंद्र मिश्रा, एसएसपी