उधमपुर। जम्मू-कश्मीर टीचर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी की बैठक प्रदेश प्रधान विनोद शर्मा और जिला प्रधान लेख राज परिहार के नेतृत्व में हुई। इसमें दो वर्ष से उधमपुर व घोरड़ी शिक्षा जोन में मिड-डे-मील की राशि का भुगतान नहीं होने व अन्य लंबित मांगों को लेकर शिक्षकों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर निशाना साधा है। इसके साथ ही मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
जिला प्रधान ने कहा कि कई बार मांग उठाने के बावजूद शिक्षा विभाग ने उधमपुर और घोरड़ी शिक्षा जोन में मिड-डे-मील की राशि का भुगतान नहीं किया है। शिक्षकों पर हजारों रुपये का कर्ज हो चुका है। मिड-डे-मील योजना जारी रखना मुश्किल होता जा रहा है। शिक्षक कई माह से राशि की मांग को लेकर सीईओ और जेडईओ कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
पांच वर्ष का अस्थायी कार्यकाल पूरा करने के बाद भी कई आरईटी शिक्षकों को स्थायी नहीं किया गया है। इसके अलावा कई महीनों से वेतन भी जारी नहीं किया गया है, जिस कारण शिक्षक आर्थिक परेशानियों का सामना करने को मजबूर हैं। शिक्षा निदेशक जम्मू ने आश्वासन दिया था कि 15 फरवरी तक सबको स्थायी शिक्षक बनाने के आदेश जारी किए जाएंगे, लेकिन अभी तक ऐसा कुछ नहीं हुआ है। विभाग आरईटी शिक्षकों के लिए तबादला नीति को भी लागू नहीं कर पाया है। कई जोन में जेडईओ के पद रिक्त पड़े हैं। उन्होंने कहा कि जल्द मांगों को पूरा नहीं किया गया तो मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ेगा। इस मौके पर सुखदेव सिंह, सुकेश खजूरिया, अशोक सेठ व प्रीतम गोस्वामी आदि मौजूद रहे।