उधमपुर। शहर की लाइफलाइन मानी जाने वाली धार रोड इन दिनों अव्यवस्था और जाम के मकड़जाल में फंसी हुई है। प्रशासनिक आदेश और बैठक के बावजूद जमीन पर स्थिति जस की तस बनी है। डीसी कार्यालय से लेकर वीनस चौक तक लगभग ढाई किलोमीटर का सफर तय करने में पसीने छूट रहे हैं। आलम यह है कि व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है और अधिकारी केवल निगरानी का दावा कर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं।
धार रोड पर जिला सचिवालय, जिला अदालत, तहसील कार्यालय, मुख्य डाकघर और जीएमसी जैसे महत्वपूर्ण संस्थान हैं। सलाथिया चौक शहर का मुख्य प्रवेश द्वार है जहां से उधमपुर पूर्व के ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी का आवागमन होता है। इतने संवेदनशील और व्यस्त क्षेत्र में ट्रैफिक का दबाव बढ़ना सामान्य बात है लेकिन समस्या तब विकराल हो जाती है जब यात्री वाहन सवारियों के लालच में बीच सड़क पर रेंगने लगते हैं।
जाम के पीछे कई कारण हैं जिन पर प्रशासन ने अब तक केवल कागजी कार्रवाई की है। सलाथिया चौक और ग्रेफ मोड़ पर अवैध मेटाडोर स्टैंड ने पूरी सड़क को घेर लिया है। रामनगर और बिलावर रूट की बस चालकों की मनमानी से स्थिति और बिगड़ रही है। आदेश के बावजूद यात्री वाहन निर्धारित तीन मिनट के स्टॉपेज का पालन नहीं कर रहे हैं।
सड़क के दोनों किनारों पर अवैध पार्किंग और बेतरतीब खड़े वाहन राहगीरों के लिए फुटपाथों को भी नहीं छोड़ रहे हैं।
दो पहले मेटाडोर स्टैंड को किया था शिफ्ट
लगभग दो माह पहले तत्कालीन जिला उपायुक्त ने हितधारकों के साथ बैठक कर ट्रैफिक प्लान लागू किया था। इसमें मेटाडोर स्टैंड को नए बस अड्डे और सैलां तालाब स्थानांतरित करने का स्पष्ट निर्देश था। शुरुआती दिनों तक पुलिस और परिवहन विभाग की सख्ती का असर दिखा लेकिन जैसे ही निगरानी में कमी आई, उल्लंघन करने वाले फिर से सक्रिय हो गए। आज स्थिति यह है कि ग्रेफ मोड़ और सलाथिया चौक पर अनाधिकृत कब्जे हो रहे हैं।
मरीज व विद्यार्थी सबसे अधिक परेशान
लोगों का कहना है कि प्रशासन की कार्यप्रणाली केवल आदेश जारी करने तक सीमित है। विनय कुमार और विशाल गुप्ता का आरोप है कि जब तक उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना और सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं होगी तब तक धार रोड को जाम मुक्त करना नामुमकिन है। स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों और मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाली एंबुलेंस के लिए जाम मुसीबत से कम नहीं है।
विशेष अभियान चलाकर कसेंगे शिकंजा
गंभीर समस्या पर एआरटीओ मुदस्सिर इकबाल का कहना है कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए दोमेल, सलाथिया और वीनस चौक पर कर्मियों की तैनाती की गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही जमीनी स्तर पर विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे ताकि आम जनता को राहत मिल सके।