उधमपुर। देश सहित प्रदेशभर में दिवाली से पूर्व मनाया जाने वाला धनतेरस पर्व शुक्रवार को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दिन विशेषतौर खरीदारी करना शुभ माना जाता है। इससे जहां घरों में बरकत होती है वहीं सुख-समृद्धि भी कामना की जाती है। इस पर्व को लेकर देविकानगरी के बाजार विभिन्न किस्मों के सामान से सज गए और लोगों के काफी संख्या में पहुंचने से काफी रौनक बढ़ गई है। इससे दुकानदारों और कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं।
लॉकडाउन की मंदी से जूझ रहे कारोबारियों को त्योहारी सीजन शुरू होने से काफी राहत मिली है। करवाचौथ से त्योहारी सीजन की शुरूआत के बाद अब नगर में धनतेरस और दीपावली को लेकर काफी उत्साह है। हर वर्ग के लोग खरीदारी के लिए बाजारों का रुख कर रहे हैं। मगर धनतेरस के चलते खास कर बर्तन, गहनों और घरेलु सामान की खरीदारी को तरजीह दी जा रही है।
धनतेरस के एक दिन पहले वीरवार को बाजारों में काफी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचे, जिससे दुकानदारों के चेहरों पर काफी रौनक नजर आई। सुबह से लेकर शाम तक नगर के विभिन्न बाजार ग्राहकों से गुलजार रहे। खास कर इलेक्ट्रानिक्स, कपड़ों, सजावट, जूतों व चप्पलों की दुकानों सहित सुनार, मनियारी व बर्तनों की दुकानों पर लोगों की काफी भीड़ रही। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष आफरों के साथ नई-नई किस्मों के सामान को उपलब्ध करवाया जा रहा है।