उधमपुर। धनतेरस के त्योहार को लेकर देविकानगरी का बाजार पूर्व संध्या पर सज कर तैयार हो गया। वीरवार को धनतेरस पर बर्तनों व स्वर्णकारों की दुकानों में ग्राहक पहुंचेंगे, जहां मनपसंद बर्त नों व आभूषणों की खरीदारी करेंगे। वहीं धनतेरस व दीपावली को लेकर दुकानदारों ने भी अपनी दुकानों को सजा दिया है। इस बार धनतेरस का पर्व कोरोना संकट के बीच मनाया जा रहा है। इसलिए दुकानदार इसको लेकर थोड़ा चिंतित भी हैं।
हर बार की तरह इस बार धनतेरस को लेकर होने वाली खरीदारी कुछ अलग होने की संभावना है, क्योंकि धनतेरसत पर खरीदारी करना शुभ माना जाता है। धनतेरस पर विशेष तौर पर गहनें व बर्तनों की खरीदारी की जाएगी है। इसके साथ ही कुछ लोग इलेक्ट्रानिक का सामान के साथ दो पहिया और चार पहिया वाहनों की भी खरीदारी करेंगे। वहीं, ग्राहकों को लुभाने के लिए दुकानदारों ने अपनी दुकानों को आकर्षक तरीके से सजाया है। अच्छी खरीद पर कई तरह के तोहफे तैयार हैं। बर्तन की दुकानों पर नए बर्तन लाए गए हैं।
दुकानदार हर बार नए डिजाइन के बर्तन लाते हैं, ताकि दुकानों पर ज्यादा से ज्यादा ग्राहक पहुंच कर खरीदारी करें। दुकानदारों ने बताया कि हर बार धन तेरस उनके लिए शुभ होता है। पहली बार धनतेरस का पर्व कोरोना संकट के बीच मनाया जाएगा। इस पर्व के साथ लोएगों की आस्था जुड़ी हुई है। उम्मीद है कि इस बार कोरोना संकट होने के बावजूद उनके लिए धनतेरस शुभ ही रहेगा। त्योहार को लेकर दुकानों को आकर्षक लुक दिया है। इसके अलावा सुनारों ने भी अपनी दुकानों को लाइटिंग के साथ सजाया है। बुधवार को वर्तनों के साथ सुनार की दुकानों पर भी लोग खरीदारी करने के लिए पहुंचेंगे।