सोने चांदी का 4 करोड़ तो वाहन, बर्तन, उपकरणों का कारोबार 10 करोड़ के पार
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। धनतेरस पर देविकानगरी बाजार में बर्तनों से लेकर सुनारों की दुकानों पर देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ लगी रही। मेन बाजार, चबूतरा बाजार, मुखर्जी बाजार और गोल मार्केट सुबह से रात तक गुलजार रहे। इसके चलते जिले में स्वर्णकार संघ ने लगभग 4 करोड़ रुपये का व्यापार किया तो वहीं इलेक्टि्रकल, इलेक्ट्राॅनिक्स उपकरणों, वाहनों और बर्तनों को मिलाकर कुल 10 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार दर्ज किया गया।
मंगलवार सुबह हल्के बादलों के बीच चमचमाती धूप के साथ ही शहर में चहल पहल शुरू हो गई। शाम होते-होते बाजार में भीड़ होने के कारण जाम जैसी स्थिति बनी रही। दुकानदारों ने बताया कि ग्राहकों को ज्यादातर फेंसी आइटम ही पसंद आ रहे थे। साथ में पारंपरिक खरीदारी भी जारी रही।
खरीदारी करने बाजार पहुंचीं सुमन देवी और सोनाक्षी शर्मा ने बताया कि धनतेरस पर शुभ मुहूर्त में खरीदारी करना शुभ माना जाता है। इसलिए, वह सोने की अंगूठी, गणेश-लक्ष्मी वाले चांदी के सिक्के और घरेलू वस्तुओं की खरीदारी कर रही हैं। इसी बीच शहर के बहुत से एटीएम पैसों से खाली रहे। और जो काम कर रहे थे, उन पर लंबी कतारें नजर आईं।
सुनारों के यहां आभूषणों, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमा और सोने-चांदी के सिक्कों की मांग तेज रही। महिलाओं ने सोने के आभूषण खरीदे। वहीं, शाम को बाजार में वाहनों की संख्या इतनी अधिक बढ़ गई कि मुखर्जी बाजार, मुख्य बाजार और गोल मार्केट में कई बार जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान पैदल यात्रियों को भी स्थान नहीं मिल रहा था।
कार, बाइक की भी खूब हुई खरीदारी
धनतेरस पर कार, बाइक, आदि वाहनों को खरीदना भी शुभ माना जाता है। इस दिन खरीदारी करने के लिए लोगों ने शोरूम में पहले ही बुकिंग करा रखी दी थी। धनतेरस की सुबह वे लोग बाइक, कार, स्कूटर, आदि वाहन खरीदने के लिए पहुंचते रहे।
शहर में सुरक्षा के रहे कड़े प्रबंध
धनतेरस पर बाजार में बढ़ी भीड़ को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने शहर के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर रखे थे। शहर में जखैनी, सुभाष चौक, गोल मार्केट, आदि में अतिरिक्त जवान तैनात किए गए थे।
धनतेरस पर चांदी और सोने के बर्तन सिक्कों सहित भगवान की प्रतिमाओं की अधिक बिक्री रही। कारोबार पहले के मुकाबले कुछ हद तक बेहतर रहा। इसके चलते क्षेत्र में 4 करोड़ का कारोबार दर्ज किया गया है।
जोगिंदर वर्मा, जिला प्रधान स्वर्णकार संघ
धनतेरस पर बुधवार को कारोबार बेहतर होने की उम्मीद है। यह दीपावली तक जारी रहेगा। धनतेरस पर बर्तन, उपकरण, वाहनों को मिलाकर जिले में लगभग 10 करोड़ से अधिक का कारोबार दर्ज होने की उम्मीद है।
जतिंदर बरमानी, अध्यक्ष व्यापार मंडल
फोटो सहित