कटड़ा। धर्मनगरी सहित मां वैष्णो देवी के दरबार में रविवार को हल्की बारिश होने व सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने के बाद तापमान में काफी गिरावट आई हैं। इससे मां वैष्णो के दर्शनार्थियों की संख्या भी बढ़ गई है। सोमवार को दिनभर यात्री मां के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ते रहे।
पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी अनुसार शाम छह बजे तक अठारह हजार के करीब भक्त अपना पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। इसके बाद भी देर शाम तक लोग पंजीकरण कराते रहे। वहीं, रविवार को 30741 भक्तों ने मां वैष्णो के दर्शन किए। स्थानीय व्यापारी अजय कुमार, नरेश शर्मा, गोपाल शर्मा, सुमित, कुमार करण सिंह आदि का कहना है कि आने वाले दिनों में स्कूलों में छुट्टियां हो जाएंगी। इससे श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ जाएगी। कोविड के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बहुत कम हो गइ थी। इससे कारोबार पर भी काफी असर पड़ा। रविवार को हल्की बूंदाबांदी और सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने से मौसम सुहावना हो गया है। इससे भवन की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है।