उधमपुर। कशीराह पंचायत के बरियाल गांव को जाने वाली मुख्य कच्ची सड़क की जर्जर हालत को लेकर ग्रामीण काफी परेशान हैं। उनका कहना है कि एक दशक पहले इस कच्ची सड़क का निर्माण हुआ था। इसके बाद आज तक इसको पक्का नहीं किया गया। न ही इसकी कभी मरम्मत की गई।
स्थानीय निवासी अंश कुमार, कुलदीप कुमार, सोहन लाल, प्रीति देवी, आदि ने बताया कि कुछ साल पहले इसे पक्का बनाने के लिए इस पर कंक्रीट बिछाई गई थी, लेकिन किन्हीं कारणों से इस कार्य को बीच में ही बंद कर दिया गया। इसके बाद न तो इस पर दोबारा काम शुरू हुआ, और न ही इसकी मरम्मत की गई, जिसकी वजह से मौजूदा समय में पूरी सड़क पर गड्ढे बन गए हैं। बारिश में इन गड्ढों में पानी भर जाने तथा सड़क पर कीचड़ व फिसलन हो जाने से समस्या काफी बढ़ जाती है।
उन्होंने बताया कि वाहन चालकों के अलावा पैदल यात्रियों को भी इससे समस्या उठानी पड़ती है। संबंधित विभाग से कई बार इस पर तारकोल बिछाकर इसे पक्का बनाने की मांग की गई है, लेकिन अब तक इस पर कोई काम शुरू नहीं किया गया। इसलिए जिला प्रशासन से अपील है कि समस्या के समाधान के लिए जल्द इस पर तारकोल बिछाकर पक्का किया जाए।