चिनैनी। चिनैनी-दोमेल मार्ग के बीच नालियां बंद होने से राहगीर परेशान हैं। बरसात में अक्सर बंद नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बहता है, जिससे आसपास के घरों के लोग भी परेशानी भुगतते हैं।
चिनैनी-दोमेल मार्ग पर पैदल गुजरने वाले त्रिलोक नाथ, प्रकाश सिंह, देव राज ने बताया कि मार्ग के बीच कई स्थानों पर नालियां बंद पड़ी हैं। इससे गंदा पानी सड़कों पर बहता है। वहां से गुजरने वाले वाहनों से गंदे पानी की छींटे राहगीरों पर पड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि परेशानी उस समय बढ़ जाती है जब बारिशों में बंद नालियों के कारण सड़कें तालाब का रूप धारण कर लेती हैं। जिससे राहगीरों का गुजरना मुश्किल हो जाता है। साथ ही स्थानीय लोगों के घरों में पानी घुस जाता है। नालियां बंद और सड़कों पर पानी बहने से सड़कें भी खराब हो रही हैं। ऐसे में लोगों ने प्रशासन से मांग उठाई है कि बंद नालियों को जल्द खोला जाए, ताकि लोगों को परेशानियों से जूझना न पड़े।