चिनैनी। तवी नदी पर बन रहे स्टील गार्डर पुल का कार्य फरवरी माह के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। पुल बनाने का कार्य नदी पर जारी है। इसके पूरा होने पर लोगों को भारी राहत मिलेगी।
स्थानीय शंकर सिंह, देव राज, हंस राज, आदि ने कहा कि तवी नदी पर लकड़ी के पुल के कारण लोगों को आए दिन परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। लकड़ी के पुल की लकड़ी टूट जाने के कारण पुल बंद किया जाता है, जिससे लोगों को पैदल आवाजाही करनी पड़ती है। उक्त पुल से आठ टन से अधिक वाहन के गुजरने की भी मनाही है। सात दशक पुराना पुल होने के चलते पुल की हालत दयनीय हो चुकी है।
लोगों की मांग के बाद सरकार ने पुल को लेकर स्वीकृति दी। अब पुल का कार्य जारी है, जिसके बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को भारी राहत मिलेगी। वहीं, लोक निर्माण विभाग के एईई सुरेश भारती ने बताया कि फरवरी माह के अंत तक पुल तैयार होने की उम्मीद है।
---------
पांच किलोमीटर सड़क का भी होगा निर्माण
चिनैनी-धनास मार्ग के बीच लोक निर्माण विभाग चिनैनी से पांच किलोमीटर तक सड़क निर्माण करेगा। करीब सवा तीन करोड़ की लागत से सड़क निर्माण कार्य होगा। इस मार्ग के बीच दयाड़ के दब्ब्ड़ के पास डायवर्जन की जगह एक पुल भी बनाया गया है, जिसे जल्द गाड़ियों के लिए खोला जाएगा। सड़क पर सुरक्षा दीवार, तारकोल व अन्य कार्य होना बाकी है, जिससे लोगों को भारी राहत मिलेगी।