उधमपुर/जिब। रेलवे स्टेशन से बाकल मोहल्ले की ओर जाने वाली सड़क की हालत बहुत ही खराब है। तारकोल नहीं बिछने के कारण स्थिति और भी खराब हो गई है, जिस कारण लोगों को हर समय समस्याओं का सामना करना पड़ता है। लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मार्ग को जल्द पक्का करने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों ने बताया कि कच्चा मार्ग होने के कारण उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। विशेषकर बारिश में स्थिति और भी खराब हो जाती है। सड़क में कीचड़ और फिसलन बढ़ने से आवाजाही मुश्किल हो जाती है। हर समय हादसों की संभावना बनी रहती है। बाकल मोहल्ले के पंच हरिदास, केवल कुमार, रमेश कुमार और अशोक कुमार ने बताया कि दस साल पहले सड़क का निर्माण हुआ था। 500 मीटर हिस्से को बरटांग गांव तक रेलवे विभाग की ओर से पक्का कर दिया गया था, जबकि शेष अभी भी कच्चा है। इस कारण वाहनों की आवाजाही भी नहीं हो पा रही है।
ग्रामीण काफी समय से इस मार्ग को पक्का करने के लिए गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अभी तक इस ओर कोई भी ध्यान नहीं दिया गया है। इसलिए जिला प्रशासन से अपील है कि मार्ग को पक्का कर लोगों राहत प्रदान की जाए।