चिनैनी। चिनैनी ब्लाक के अंतरगत मतलोआ ए में तवी नदी पर पुल बनाने की मांग ग्रामीणों ने उठाई है। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि पुल की मांग दशकों पुरानी है, लेकिन आजतक किसी ने भी सुध नहीं ली है। इस कारण लोग तवी से होकर आवागमन करने के लिए मजबूर हैं।
पंचायत मतलोआ ए के सरंपच ओंकार सिंह और सराड़ के सरपंच सुदेश चंद्र ने कहा कि मतलोआ ए के पारला मतलोआ से कोठरू तक तवी नदी पर पुल बनाने की मांग है, जिससे हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। पुल बनने से पारला मतलोआ, सीरा ए, सीरा बी, पट्टनगढ़, मतलओ ए, कोठरू, संगास, ठाना, व पुनता आदि गांव के लिए आवागमन सुगम होगा। तवी से आवागमन करते समय हादसे का अंदेशा बना रहता है। तवी पार करते समय कई लोग जान गंवा चुके हैं। ऐसे में पारला मतलोआ से कोठरू के बीच तवी पर पुल की जरूरत है। लोग फसल तैयार कर तवी के बीच से गुजरकर ही सड़कों तक पहुंचाते हैं। लोगों ने कहा कि दशकों से मांग उठाई जा रही है, लेकिन आजतक इसे पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने सरकार से जल्द कदम उठाने की गुहार लगाई है।