कई गांवों के लोगों ने की एसआरटीसी बस सेवा लगाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। स्थानीय गांवों के लोगों ने प्रशासन से गांव तक जेकेएसआरटीसी (रोडवेज) बस चलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि कई रूटों पर गाड़ियों की संख्या कम होने के कारण ओवरलोडिंग होती है। इससे लोगों को परेशानी है। हादसे का भी खतरा रहता है।
पंचायत घाड़ियां के पूर्व सरपंच सुभाष चंद्र ने बताया कि उधमपुर से पट्टनगढ़ एसआरटीसी बस सेवा लगाकर लोगों को सार्वजनिक यातायात सुविधा दिलाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि एसआरटीसी बस सेवा से लोगों की कई समस्याएं दूर होगी। ओवरलोडिंग के कारण होने वाला भार भी कम होगा। बस लगने से चिनैनी पट्टनगढ़ मार्ग के बीच लोगों को यातायात सुविधा मिल सकेगी।
वहीं, नगुलता के पूर्व सरपंच पवन कुमार ने कहा कि उधमपुर से रजार तक और टंडार निवासी जगदीप सिंह ने उधमपुर से वाया टंडार सत्यालता तक एसआरटीसी बस लगाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि यह दूरदराज क्षेत्र है। वहां जाने के लिए गाड़ियों की भी कमी है। एसआरटीसी बस लगने से लोगों की कई मुश्किलें कम होंगी।