जिले में धूमधाम से मनाया गया दिवाली का त्योहार
बाजारों में जरूरी सामान, पूजन सामग्री और मिष्ठान को लेकर दिनभर लगी रही भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिलेभर में शुक्रवार को दिवाली का त्योहार श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। दिनभर बाजारों में जरूरी सामान, पूजन सामग्री और मिष्ठान आदि को लेकर खरीददारों की भीड़ लगी रही शाम को लोगों ने घरों में दीपक जलाकर रोशनी की और मां लक्ष्मी के साथ भगवान गणेश का पूजन कर परिवार की सुख समृद्धि के लिए कामना की।
रिश्तेदारों को मोबाइल से बधाई संदेश भेजे। इस बीच शाम ढलने के साथ शुरू हुआ आतिशबाजी का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। शाम से ही पूरा शहर रंग बिरंगी लाइटों की रोशनी से नहाया हुआ था। शहर के तमाम चौक-चौराहों से लेकर सरकारी इमारतें और लोगों के घर-दुकानें रंग-बिरंगी लड़ियों से जगमगाते रहे।
दिवाली पर शुक्रवार सुबह से लेकर देर शाम तक जरूरी सामान की खरीदारी को लेकर शहर के बाजारों में भी रौनक रही। सबसे अधिक भीड़ मिठाई व गिफ्ट आइटम बेचने वाले दुकानों पर रही। लोग सुबह से ही रिश्तेदारों के घरों में जाकर दिवाली की मुबारकबाद देते नजर आए तो कुछ लोगों ने मोबाइल से ही दिवाली की शुभकामनाएं दी।
वहीं, शाम को साढ़े छह बजे के बाद सभी लोगों ने माता लक्ष्मी की पूजा अर्चना कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की और फिर मिष्ठान का आदान-प्रदान करने के बाद परिवार सहित आतिशबाजी का आनंद उठाया। शाम होते ही पूरा शहर बम पटाखों की आवाज से गूंजने लगा था और आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग नजर आ रहा था। इससे पहले सुबह से ही दिवाली की मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हो गया था। इतना ही नहीं मिठाई की दुकानों में मिठाई लेने के लिए आए लोगों को दुकान पर भीड़ के चलते अपनी बारी का भी इंतजार करना पड़ा। दीपावली के चलते ज्यादातर लोगों ने अपने घरों में बिरंगी लड़ियां लगाकर रोशनी कर रखी थी। रात होते ही शहर के अधिकतर मोहल्लों में लोगों द्वारा लाइटें लगाकर सजाए गए घरों में रंग बिरंगी लाइटें शहर की सुंदरता में चार-चांद लगा रही थी।
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर को दोपहर 3:53 मिनट पर शुरू हुई अमावस्या शुक्रवार शाम 6:17 मिनट पर समाप्त हुई। इसके बाद सभी लोगों ने घरों में पूजा-अर्चना शुरू की। पूजा-अर्चना के बाद सभी लोग परिवार सहित आतिशबाजी करते नजर आए।
मिट्टी के दीयों से लेकर भगवान गणेश लक्ष्मी के चित्र की भी खूब हुई बिक्री
दिवाली को लेकर असमंजस की स्थिति होने के बावजूद पिछले दो दिनों से शहर के बाजारों में भारी भीड़ देखने को मिली। हालांकि बीते दिन भी शहर में कुछ लोगों ने आतिशबाजी कर दिवाली मनाई। मगर ज्यादातर शहर में दिवाली शुक्रवार को ही मनाई गई। इसके चलते लोगों ने अपने घरों में रंग-बिरंगी रंगोली बनाकर मिट्टी के दीये जलाने के साथ ही रंग बिरंगे सजावटी सामान से अपने घरों को सजाया था। शहर मिटटी के दीयों से लेकर भगवान गणेश लक्ष्मी के चित्र प्रतिमाओं के साथ ही टीवी फ्रिज, बाइक, कार इत्यादि की भी अच्छी खासी बिक्री हुई।
कारोबारियों को बिक्री के लिए दो दिन का समय मिलने से अच्छा हुआ कारोबार
शहर के सुभाष स्टेडियम में दिवाली पर चलाए जाने वाले बम पटाखों के स्टालों में भी काफी भीड़ देखने को मिली। शहर के साथ साथ आसपास के क्षेत्रों से भी काफी संख्या में लोग बम पटाखे खरीदने के लिए पहुंचे। इसके चलते स्टेडियम में पूरा दिन भीड़ देखने को मिली। वहीं, छोटे बच्चे ज्यादातर अनार, छुरछरी व हवाई लेते नजर आए, जबकि युवा वर्ग बड़े-बड़े पटाखे खरीदते नजर आए। हालांकि कुछ लोगों ने वीरवार को ही दिवाली के लिए पटाखे वगैरह की खरीदारी कर ली थी। इस बार दिवाली को लेकर बने असमंजस के चलते पटाखा कारोबारियों को दो दिन पटाखा स्टाल लगाने का मौका मिलने से उनका कारोबार भी अच्छा हुआ।
शहर में भारी भीड़ के चलते सुरक्षा के रहे पुख्ता बंदोबस्त
शहर में दिवाली के चलते बढ़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए थे। इतना ही नहीं पुलिस प्रशासन की ओर से शहर में जाम की स्थिति से निपटने के भी प्रबंध किए थे। वहीं दूसरी ओर चौक-चौराहों पर पुलिस के जवानों के साथ-साथ सीआरपीएफ, सीआईएसएफ के जवान भी डयूटी देते नजर आए। दूसरी ओर सादी वर्दी में भी शहर के अतिव्यस्त बाजारों में जवानों को तैनात किया गया था, जो हर आने जाने वाले लोगों पर पैनी नजर बनाए हुए थे। इतना ही नहीं दमकल विभाग की ओर से भी अपनी टीमों को तैनात कर अपने वाहनों को तैयार रखा गया था। ताकि कोई अनहोनी घटना न घट सके।
फोटो सहित