रामनगर। घोरडी पंचायत के लोअर बरमीन मार्ग पर बुधवार देर शाम को कटाई कार्य के दौरान जेसीबी से गिराए जा रहे मलबे की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक अपने घर की तरफ जा रहा था। रास्ते में जेसीबी से गिराए जा रहे पत्थर से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
मृतक की पहचान बेली राम (57) पुत्र सत्तर सिंह निवासी बरमीन के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल उधमपुर पहुंचाया। वीरवार को पोस्टमार्टम के उपरांत शव को घरवालों के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, ब्लॉक घोरडी की बीडीसी अध्यक्ष आरती शर्मा ने एडीएम वहीद उर रहमान के साथ वीरवार को मृतक के घर पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दिया। बाद में उन्होंने जिला विकास आयुक्त इंदु कंवल चिब से मुलाकात कर यह मामला बताया, और पीड़ित परिवार की सहायता करने और इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
बीडीसी ने कहा कि उपायुक्त ने उनकी मांग पर कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार के लिए तत्काल एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की है। साथ ही उन्हें पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन भी दिया है। उनकी मांग है कि इस तरह के हादसों को रोकने के लिए प्रशासन निर्माण कार्यों में लगी सभी कंपनियों व एजेंसियों को सख्त निर्देश दे, ताकि दोबारा इस तरह के दुखद हादसे इलाके में न हों।