रामनगर में शवग्रह के बाहर खड़े परिजन, लोग व पुलिस कर्मी।
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर/रामनगर। तहसील की पंचायत जंदरोड़ के गांव मजुआ में सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव ससुराल से लगभग 150 मीटर दूरी पर पेड़ पर लटकता मिला। परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने संदिग्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुबह लगभग सात बजे कुछ लोगों ने सुनील दुबे पुत्र चरण दास निवासी दिहाड़ी का शव ससुराल से करीब 150 मीटर की दूरी पर पेड़ पर लटका हुआ देखा। लोगों ने इस बारे में परिवार, पत्नी और ससुराल वालों के साथ पुलिस को भी सूचित किया। जानकारी मिलने के बाद परिवार के सदस्य तो मौके पर पहुंच गए, लेकिन ससुराल से कोई नहीं आया।
पुलिस ने शुरूआती जांच पूरी करने के बाद शव को नीचे उतारा, और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। दोपहर को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को परिवार के हवाले कर दिया। मौके पर मौजूद मृतक के बड़े भाई कुलदीप कुमार ने बताया कि शनिवार को उसका भाई पत्नी को साथ लेकर ससुराल गया था। और, दो दिन से वह वहीं पर था।
भाई ने बताया कि उसको किसी ने फोन कर बताया कि भाई का शव पेड़ पर लटका है। परिवार में सब कुछ ठीक था। उसके भाई के पत्नी के साथ संबंध भी अच्छे थे। हालात को देखकर नहीं लगता कि भाई ने आत्महत्या की है। शव की हालत को देख कर लग रहा है कि उसकी हत्या हुई है। पुलिस से अपील है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए।
रामनगर में शवग्रह के बाहर खड़े परिजन, लोग व पुलिस कर्मी।- फोटो : UDHAMPUR