उधमपुर। शहर के आदर्श कॉलोनी मोहल्ले में शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत हो गई। युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े छह बजे कपिल चौहान (28) की अचानक सेहत खराब हो गई। जब परिवार को इसका पता चला तो तुरंत वाहन की व्यवस्था कर युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान ही युवक की मौत हो गई।
डॉक्टरों को मौत का कारण संदिग्ध लगा तो इसके बारे में पुलिस को सूचना दी गई। कुछ समय बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह ले गई। दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने संदिग्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।