उधमपुर/पंचैरी। पंचैरी के लटयार इलाके में तीन दिन से लापता व्यक्ति का शव शनिवार शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर लटकता हुआ बरामद हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लिया और रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिवार के हवाले कर दिया है। अप्रैल में मृतक साउदी अरब से पंचैरी में अपने घर लौटा था।
जानकारी अनुसार शनिवार शाम करीब पांच बजे कुछ लोगों ने 35 वर्ष के भूषण कुमार निवासी लटयार का शव पेड़ पर लटकता हुआ देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा और जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अप्रैल में मृतक व्यक्ति साउदी अरब से घर लौटा था। वह वहां पर लेबर का काम करता था। 12 अगस्त को किसी काम से घर से निकला और शाम तक घर नहीं लौटा। परिवार ने सोचा कि किसी रिश्तेदार के घर चला गया होगा, इसलिए किसी ने इसको गंभीरता से नहीं लिया और न ही इसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई।
पुलिस ने प्राथमिक जांच करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी पंचैरी पहुंचाया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम करवाने के परिवार के हवाले कर दिया। पुलिस ने धारा 174 के तहत मामला दर्ज लर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को अब पोस्टमार्टम की रिपोर्ट मिलने का इंतजार है, क्योंकि इसके बाद ही मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।