उधमपुर/पंचैरी। डीडीसी पंचैरी जसवीर सिंह ने रविवार को पंचैरी तहसील के विभिन्न ग्रामीण इलाकों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली, पानी की सुविधा न मिलने के कारण सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डीडीसी सदस्य ने गलयोत के पंचायत घर में सरपंच व पंचों के साथ बैठक की। इसमें जनप्रतिनिधियों ने बताया कि आज तक उनको जरूरत अनुसार पानी व बिजली की सुविधा नहीं मिल सकी है। उधमपुर की सीमा में सबसे अंत में गलयोत पंचायत है। दूरदराज ग्रामीण इलाका होने के कारण पंचायत का विकास नहीं हो सका है। जनता मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। डीडीसी ने विकास करवाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा डीडीसी ने समग्र जेई पवन कुमार सहित हाई स्कूल गलोयत का दौरा कर इमारत का जायजा लिया। इसके बाद जल्द मरम्मत करवाने के निर्देश दिए। सरपंच काया देवी ने बताया कि पंचायत में बिजली की कटौती की समस्या से लोग काफी परेशान हैं। वहीं, उन्होंने ट्रैक्टर रोड की हालत सुधारने और सरकारी स्कूलों में स्टाफ की कमी को पूरा करने की मांग उठाई है। इस मौके पर विभिन्न विभागों के कई अधिकारी मौजूद रहे।