श्री अमरनाथ यात्रियों के लिए बनाई गए आवास केंद्रों का निरीक्षण करती डीसी सलोनी राय: संवाद
- श्री अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई से, संबंधित अधिकारियों को दिए जरूरी दिशा-निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। श्री अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर जिला विकास आयुक्त सलोनी राय ने उधमपुर में बनाए गए यात्री आवास केंद्रों का दौरा कर प्रबंधों का जायजा लिया। इस मौके पर उनके साथ एडीसी प्रेम सिंह, सीईओ नगर परिषद विशाल सडोत्रा व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
डीसी ने शहर के भीतर और बाहर हाईवे के किनारे बनाए गए यात्री आवास केंद्रों में प्रदान की जाने वाली सुविधाएं जांची और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बताया कि उधमपुर में यात्रियों की सुविधा के लिए 26 लाॅजमेंट सेंटर बनाए गए हैं जहां हाईवे पर यात्रा रुकने की स्थिति में यात्रियों को ठहराने के लिए सभी जरूरी प्रबंध किए गए हैं।
डीसी सलोनी राय ने कहा कि तीन जुलाई से शुरू हो रही श्री अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर जिला प्रशासन की तरफ से सभी जरूरी तैयारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि उधमपुर में यात्रियों के लिए 26 लाॅजमेंट सेंटर बनाए गए हैं जिनमें 6,500 यात्रियों को ठहराने का प्रबंध रखा गया है। प्रत्येक केंद्र पर एक नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
उन्होंने कहा कि अगर हाईवे बाधित होने के कारण यात्रा रुकती है तो उधमपुर में यात्रियों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए प्रशासन की तरफ से सभी प्रबंध पूरे किए गए हैं। उन्होंने जिला उधमपुर के भीतर 28 लंगर लगाने की अनुमति दी गई है, यह टिकरी से लेकर चिनैनी-नाशरी टनल तक लगेंगे। रेल से आने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए भी रेलवे स्टेशन पर सुविधा केंद्र स्थापित किया गया है। सुरक्षा व अन्य प्रबंधों के लिए प्रशासनिक टीमें समन्वय के साथ लगातार काम कर रहीं हैं।