विजेता खिलाड़ियों और उनके माता-पिता को बड़ी कामयाबी पर दी बधाई
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। सिविल सोसायटी उधमपुर ने विशेष सम्मान समारोह आयोजित कर उन बेटियों को सम्मानित किया जिन्होंने श्रीलंका के कैंडी में हुई अंतरराष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है। दस देशों की भागीदारी वाली इस बड़ी प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर की 9 बेटियों ने 3 स्वर्ण और 6 रजत पदक जीते।
खास बात यह है कि ये सभी बेटियां उधमपुर जिले की पंचैरी और मौंगरी तहसील की रहने वाली हैं। चैंपियनशिप में मनीषा देवी, ज्योति देवी और कमलेश देवी ने स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं सुशीला भारती, रेनू देवी, मीनाक्षी देवी, पूजा देवी, किरण देवी और दिवती देवी ने रजत पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। इ
स भव्य समारोह में उधमपुर-रियासी रेंज के डीआईजी शिव कुमार शर्मा, पुलिस अकादमी के उप-निदेशक बेनाम तोश, विधायक पवन कुमार गुप्ता और व्यापार मंडल के अध्यक्ष जतिंदर वरमानी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच विजेता खिलाड़ियों और उनके माता-पिता को इस बड़ी कामयाबी पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।