उधमपुर: गद्दी सभा के फाउंडेशन डे पर प्रस्तुति देते हुए कलाकार तथा बैठे गणमान्य.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। ऑल जेएंडके गद्दी सभा ने रविवार को अपना 41वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए गए, और समुदाय के कई लोगों को सम्मानित भी किया गया। एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में बनी के पूर्व विधायक जीवन लाल मुख्यातिथि थे।
समारोह के शुरुआत में समुदाय के संस्थापक और पूर्व अध्यक्ष दिवंगत ठाकुर दास और देवी राम चौहान को पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में डीडीसी लाटी-मरोठी पिंकी देवी, डीडीसी नरसू सुभाष चंद्र भी मौजूद थे। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध गायक ठाकुर सिंह रहलू ने शावपुर हिमाचल प्रदेश के ब्रदर्स बैंड के साथ गद्दी भाषा में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
उन्होंने गद्दी बोली में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जिसमें हिमाचल प्रदेश राज्य और जम्मू-कश्मीर के दूरदराज के कोनों में रहने वाले गद्दी लोगों के वास्तविक जीवन को दर्शाया गया। प्रसिद्ध गायक ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और अपने साथ नाचने पर मजबूर कर दिया। बैंड ने गद्दी बोली में अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
इस बीच सभा की प्रमुख हस्तियों को समुदाय के उत्थान और सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। सभा के सदस्यों बीके चाड़क, कुलदीप कुमार, हंस राज, पारस राम, आदि ने कहा कि सरकार ने गद्दी समुदाय की बहुत सी मांगों को पूरा किया है। लेकिन, कुछ मांगें बाकी हैं। परिसीमन आयोग ने एसटी समुदाय के लिए विभिन्न जगहों पर सीटें आरक्षित की हैं। लेकिन, उधमपुर में एक भी सीट नहीं रखी है। उन्होंने मांग की कि चिनैनी विधानसभा सीट को एसटी समुदाय के लिए आरक्षित किया जाए।
उधमपुर: गद्दी सभा के फाउंडेशन डे पर प्रस्तुति देते हुए कलाकार तथा बैठे गणमान्य.- फोटो : UDHAMPUR