श्री अमरनाथ की वार्षिक यात्रा शुरू हो चुकी है। इससे मंदिरों के शहर जम्मू समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी रौनक देखने को मिल रही है। धर्म नगरी कटड़ा में माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के लिए इस बार बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं। इस साल छह माह में ही 50,43,438 लाख श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं।
यह संख्या पिछले साल से, 44,6,985 ज्यादा है। 2022 के पहले 6 माह में 45,96,453 श्रद्धालु दरबार में पहुंचे थे। हालांकि, बरसात के चलते इस सप्ताह कई बार हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही है। इससे संगत को कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
स्कूलों में बच्चों की छुट्टियों के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंच रहे हैं। रविवार को बाद दोपहर बारिश में भी श्रद्धालु भवन की बढ़ते रहे। पंजीकरण कक्ष के अनुसार शनिवार को वीकेंड पर 38137 श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचे।
वहीं, रविवार को शाम छह बजे तक करीब 25 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर माता के दर्शनों के लिए प्रस्थान कर चुके थे। रोजाना 30 हजार से 40 हजार श्रद्धालु धर्मनगरी कटड़ा पहुंच रहे हैं। हर तरफ श्रद्धालुओं की चहल- पहल है।
ये भी पढे़ं- Amarnath Yatra 2023: बालटाल और पहलगाम की वादियों में गूंजे बम-बम भोले के जयकारे, आप भी देखें तस्वीरों में रंग
कब कितने श्रद्धालु आए
इस साल जनवरी में 5,24,189, फरवरी में 4,14,432, मार्च में 8,94,650, अप्रैल में 10,18,540, मई में 9,95,773 और जून में 11,95,844 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए। वहीं, 2022 में जनवरी में 4,38,521, फरवरी में 3,61,074, मार्च में 7,78,669, अप्रैल में 9,02,192, मई में 9,86,766 और जून में 11,29,231 श्रद्धालु मां के दरबार पहुंचे थे।
ये भी पढ़ें- अमरनाथ यात्रा 2023: भोले के भक्तों में जबरदस्त उत्साह, दो दिन में 18326 ने किए बाबा बर्फानी के दर्शन