धर्मनगर कटड़ा के मुख्य बस स्टैंड पर पर्ची काउंटर के पास अनियंत्रित बस की चपेट में आने से एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी सगी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे कटड़ा चिकित्सा केंद्र पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उसे जम्मू रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिला अंतर्गत मलिकापुर से दो बहनें सरिता विश्वकर्मा और बबीता विश्वकर्मा सपरिवार वैष्णो माता का दर्शन करने के लिए आई थीं।
शुक्रवार को दर्शन के बाद वह वापसी के लिए कसबे के मुख्य बस स्टैंड की ओर जा रही थी। तभी यात्रा पर्ची कक्ष के समीप तेज गति में एक बस आई, जिसकी चपेट में दोनों बहनें आ गईं।
इस हादसे में बबीता विश्वकर्मा (44) पत्नी नरेंद्र कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि सरिता विश्वकर्मा पत्नी मनोज विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जम्मू रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बस चालक अमर चंद निवासी पंगल कटड़ा को हिरासत में लेकर केस दर्ज कर लिया है।
हृदयगति रुकने से श्रद्धालु की मृत्यु
कटड़ा (ब्यूरो)। शुक्रवार की सुबह भवन से दर्शन कर वापस लौट रहे एक यात्री की हृदयगति रुकने से मृत्यु हो गई। यात्री ने अचानक सीने में दर्द की शिकायत की तथा उसे तत्काल पास की डिस्पेंसरी पहुंचाया गया, लेकिन उससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
मृतक जतिंद्र कुमार (30) पुत्र कालीचरण राजस्थान का रहने वाला था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।