डोडा जिलांतर्गत पड़ने वाले प्राणु क्षेत्र में पिकनिक मनाने जा रहे 5वीं कक्षा के छात्र की मौत वाहन से कुचलकर हो गई। मुख्य शिक्षा अधिकारी मो. अशरफ राथर ने इस मामले की जांच के लिए ठाठरी के जेडईओ के नेतृत्व में एक कमेटी गठित कर दी है।
हुआ यूं कि टिप्परी के अपर प्राइमरी स्कूल के बच्चों को लेकर एक वाहन भद्रवाह के खिलैनी टाप जा रहा था। रास्ते में पांचवीं कक्षा का छात्र आबिद शौच के लिए वाहन से उतरा और सड़क किनारे खड़ा हुआ। इतने में दूसरी तरफ से हायर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों को पिकनिक के लिए ले जा रही मेटाडोर (जेके06-2079) की चपेट में आबिद आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जीएमसी जम्मू रेफर किया गया। जब तक उसे ले जाने के लिए चॉपर आया, तब तक आबिद ने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया गया। शिक्षा विभाग के अधिकारी ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए जांच कमेटी गठित कर दी। मेटाडोर का चालक मौके से फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है।