कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई और विकास दर में कमी को लेकर नगर में रोष रैली निकाली और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने ‘वाह रे मोदी तेरा कमाल सस्ता मुर्गा महंगी दाल’ के नारे लगाए।
कांग्रेस नेता सुमित मगोत्रा ने सलाथिया चौक पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महंगाई में गरीब आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो रहे हैं। दो वक्त की रोटी के लाले पड़े हैं। विकास दर थम गई है और लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है। मजदूूरों को काम नहीं मिल रहा है।
इसके पहले रैली सुबह धार रोड से शुरू हुई हुई, जो सलाथिया चौक, रामनगर चौक, मुखर्जी बाजार, मेन बाजार से होते हुए इंदिरा चौक पर पहुंची। मगोत्रा ने कहा कि यह रैली बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ निकाली गई है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि चुनावों से पहले मोदी ने अच्छे दिनों का वादा किया था।
लेकिन दाल, तेल सब्जियों के दाम बढ़ाकर मोदी ने गरीब व मध्य वर्गीय परिवारों के लिए दो वक्त रोटी के लाले डाल दिए। उन्होंने कहा कि देश में आपसी भाईचारे को ठेस पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
प्रधानमंत्री को इस पर ध्यान देना चाहिए। प्रदर्शन में अनिल रैना, भारत चौधरी, रघु, कमलजीत, विक्रमजीत सिंह, अरुण वर्मा, कामा, दानिश, शाम बसंल आदि मौजूद रहे।