गांव कलौदा कलां में जमीनी विवाद को लेकर महिला की हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। गांव कलौदा कलां निवासी रामफल ने छह नवंबर को सदर थाना नरवाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनका गांव दनौदा निवासी बृजभान के परिवार के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है और मामला अदालत में विचाराधीन है।
छह नवंबर को जब वह खेतों में पहुंचे तो बृजभान के परिवार के सैकड़ों लोग खेतों में पहुंच गए और उनके परिवार पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इसमें महिला कुलवंती की मौत हो गई, जबकि उसके परिवार आधा दर्जन लोग घायल हो गए थे।
पुलिस ने रामफल की शिकायत पर गांव दनौदा कलां निवासी बृजभान, बलवंत, भीमसिंह, काला, सैलेंद्र, शीतल, बीर, सत्यवान, सुभाष, अंगूरी को नामजद करके लगभग 175 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बलवंत को गिरफ्तार करके पूछताछ शुरू कर दी।