मौंगरी तहसील के दमनोत गांव में शुक्रवार दोपहर को बैल के हमले से खेत में काम कर रहे युवक की मौत हो गई। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग पर आरोप लगाया है कि समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण युवक की मौत हुई है। न्यू पीएचसी के स्टाफ पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11 बजे चमेल सिंह (30) खेत में बैलों को जोतने का काम कर रहा था। काम खत्म करके जब चमेल सिंह ने बैलों को खोला तो एक बैल ने अचानक चमेल पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मौके पर और कोई नहीं था और दो घंटे तक चमेल सिंह खेत में घायल अवस्था में पड़ा रहा। जब किसी की उस पर नजर पड़ी तो तुरंत न्यू पीएचसी दमनोत में फार्मासिस्ट को फोन कर मौके पर बुलाया गया, लेकिन फार्मासिस्ट ने आठ किलोमीटर दूर पैदल सफर कर आने से मना कर दिया। इसके साथ ग्रामीण चमेल को उठाकर पैदल सफर कर न्यू पीएचसी पहुंचे। लेकिन पीएचसी में उपचार की सुविधा नहीं मिली।
इसके बाद मौंगरी पीएचसी से एंबुलेंस बुलाई गई और जब एंबुलेंस से मौंगरी पीएचसी पहुंचे तो डाक्टरों ने मृत लाया घोषित कर दिया। इसके कारण ग्रामीणों में स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ काफी रोष देखा गया। ग्रामीणों का कहना था कि अगर न्यू पीएचसी में उपचार किया जाता तो आज चमेल की जान बच जाती। ग्रामीणों ने इस मामले की जांच कर आरोपी स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई की जाए।