असर में सड़क हादसे में पंचैरी क्षेत्र के रहने वाले लेक्चरर कुलदीप सिंह की मौत हो गइ। कुछ दिन पहले कुलदीप चचेरे भाईयों के साथ मचेल माता के दर्शन के लिए घर से निकले थे। कुलदीप को भी क्या पता था कि वापसी में रास्ते में उनका मौत इंतजार कर रही है। वह यही सोच कर लेंगे कि चंडी मां का आशीर्वाद लेकर आएंगे फिर अपनी पांचों बहनों से राखी बंधवाएंगे। बुधवार को कुलदीप गुलाबगढ़ से निकले थे। वीरवार को रक्षाबंधन था। घर पर बहनें इंतजार कर रही थीं कि भैया आएंगे तो राखी बांधेंगे आैर लंबी उम्र की कामना करेंगे।
भाई कुलदीप के घर पहुंचने का इंतजार कर रहीं बहनों को जब मौत की जानकारी हुई, तो वह दहाड़ मार कर रोने लगीं। देविका शमशान घाट पर वह बस यही कह रहीं थीं कि भैया एक बार उठकर राखी तो बंधवा लो। बुधवार को रात के समय असर पहुंचने पर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। वाहन में बैठे सभी लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सरकारी मेडिकल कालेज भेजा जाने लगा। इस बीच कुलदीप सिंह ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वीरवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपा गया।