रिहायशी इलाकों में जंगली जानवरों का दखल और बढ़ गया है। शुक्रवार की देर शाम भालू ने हमला कर एक युवक को जख्मी कर दिया। उसे स्थानीय अस्पताल से गंभीर हालत में जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार उदयापुर क्षेत्र के छतरान निवासी रंजीत कुमार (22) देर शाम को अपने घर के पास खेतों पर था। इसी दौरान एक भालू ने उस पर हमला बोल दिया।
इस पर रंजीत ने बचाने के लिए शोर मचाया। शोर सुनकर गांव के लोग लाठी और डंडे लेकर खेतों की ओर दौड़े। बड़ी संख्या में ग्रामीणों को आता देख भाले रंजीत को छोड़कर भाग गया।
भालू के हमले से रंजीत बुरी तरह जख्मी हुआ है। उसके चेहरे पर भालू ने कई हमले किए हैं। वह लहूलुहान हो गया। आननफानन में ग्रामीणोें ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद जम्मू रेफर कर दिया गया।