संदुर पुल खैरालैड के पास सोमवार की सुबह तेज रफ्तार आटो के पलट जाने से उसके चालक की मौत हो गई, जबकि आटो में सवार छह यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
टूरिस्ट रिसेप्शन सेंटर के निर्माण कार्य में काम कर रहे मजदूरों को लेकर सोमवार की सुबह आटो (जेके20-2752) शिवखोड़ी धाम के लिए रवाना हुआ।
आटो कुछ ही किलोमीटर आगे बढ़ा कि वह असंतुलित होकर सड़क से नीचे सौ मीटर गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में उसमें सवार सुशील सिंह निवासी जिला अलीगढ़ (यूपी), इंद्रसेन निवासी बेलरई संत कबीर नगर (यूपी), राजकुमार निवासी दमुरपुर अंबेदकर नगर (यूपी), राम गणेश निवासी सतना (एमपी), गुड्डू निवासी मगवार बांधी (यूपी), राम सरन निवासी भगवती नगर जम्मू तथा आटो के चालक धीरज शर्मा पुत्र गौरी शंकर निवासी तरियाठ (पौनी) गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने सभी को उठाकर प्राइमरी हेल्थ सेंटर पौनी पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने दो घायलों को जम्मू के लिए रेफर कर दिया। जम्मू ले जाने से आटो के चालक धीरज ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।