उधमपुर। गोवर्धन पैलेस के नजदीक धार रोड पर वीरवार देर रात को एक कार सवार ने तांडव मचाते हुए तीन वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके से फरार होने के बाद कार सवार को सुभाष स्टेडियम के नजदीक से पकड़ लिया गया। दूसरी तरफ घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार वीरवार की रात करीब साढ़े नौ बजे कार नंबर-पीबी02सी-1037 ने तेज रफ्तार में सबसे पहले सेंट्रो कार नंबर जेके14बी-4404 को टक्कर मारी। इस टक्कर में कार को काफी नुकसान पहुंचा, हालांकि अंदर बैठे लोग बच गए। इसके बाद कार ने कुछ दूरी पर जाकर स्कूटी नंबर-जेके14बी-7033 को टक्कर मार दी। टक्कर से स्कूटी पर सवार महिला रीता देवी पत्नी साहिल निवासी करण गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद कार ने कुछ दूरी पर जाकर एक स्कूटी नंबर जेके14बी-7073 को टक्कर मार कर दी और स्कूटी पर सवार योगेश कुमार पुत्र चरण दास निवासी बाड़या को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
तीन वाहनों को टक्कर मार कर फरार होने के बाद कार चालक को पुलिस ने सुभाष स्टेडियम के नजदीक से पकड़ लिया। पुलिस ने उसी समय कार के चालक को हिरासत में लेने के साथ ही कार भी कब्जे में ले ली। उधर दोनों घायलों को मौके पर मौजूद लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।