उधमपुर/पंचैरी। पंचैरी तहसील के एक गांव में मवेशी चराने गई किशोरी को दुष्कर्म का शिकार बनाने वाला आरोपी युवक को पकड़ने में पुलिस को बुधवार को भी कामयाबी नहीं मिली है। एसएसपी के अनुसार युवक राज्य से बाहर निकल चुका है, लेकिन उसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि पंचैरी पुलिस स्टेशन में 15 अप्रैल को किशोरी के साथ युवक द्वारा दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था। किशोरी के पिता ने पुलिस को बताया था कि नौ अप्रैल को मवेशियों को चराने के लिए बेटी जंगल गई तो 24 वर्ष के भूषण सिंह नाम के युवक ने अपनी हवस का शिकार बनाया था।
रविवार को पुलिस ने किशोरी का जिला अस्पताल में मेडिकल जांच कराने के साथ मामला दर्ज करके पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी थी। मंगलवार को पुलिस ने दो टीमों का गठन करके छापेमारी का काम शुरू किया था, लेकिन शाम के समय पुलिस को मोबोइल लोकेशन से पता चला कि युवक राज्य से बाहर निकल गया है।
अब पुलिस ने राज्य के बाहर छापेमारी की योजना बनाना शुरू कर दिया है। एसएसपी उधमपुर रईस मोहम्मद भट ने बताया कि पुलिस की तरफ से आरोपी को पकड़ने का प्रयास जारी है, लेकिन आरोपी के राज्य से बाहर निकल जाने के कारण कामयाबी नहीं मिल पा रही है। आरोपी के कुछ ठिकानों का पता चला है और जल्द छापेमारी करके आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।