अउधमपुर/जिब। रैबल थाना क्षेत्र के ठल काह इलाके में रविवार सुबह ससुराल आए दामाद की संदिग्ध परिस्थितियों में नाले में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया। जिला अस्पताल में जब पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने लगी तो ससुराल वालों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस का कहना है कि अब डीसी के आदेश के बाद ही आगे की कार्रवाई सोमवार को होगी।
जानकारी अनुसार सुबह करीब आठ बजे राजोरी से उधमपुर में ससुराल आया 21 वर्षीय मोहम्मद मोमीन नहाने के लिए दुधर नाले की तरफ गया और वापस नहीं लौटा। काफी इंतजार के बाद भी मोमीन वापस नहीं आया तो ससुराल वाले तलाश करने के लिए नाले की तरफ गए, जहां मोमीन का शव नाले में तैरता हुआ पाया गया। इसकी जानकारी जब पुलिस को मिली तो तुरंत पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पहुंचे ससुराल वालों ने हंगामा शुरू कर दिया। ससुराल वालों का कहना है कि मोमीन की मौत हादसा है और उनको किसी पर भी शक नहीं है। पुलिस बिना पोस्टमार्टम के शव सौंपने को तैयार नहीं हुई।
एसएचओ संजीव चिब ने बताया कि ससुराल वाले पोस्टमार्टम नहीं होने दे रहे हैं। अब इस मामले को सोमवार को डीसी के सामने रखा जाएगा। अगर डीसी ने बिना पोस्टमार्टम के शव को सौंपने की इजाजत दे दी तो शव ससुराल के लोगों सौंप दिया जाएगा, नहीं तो सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा जाएगा।