उधमपुर। चीफ जुडीशियल मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के साथ जम्मू में पुलिस द्वारा किये गये अभद्र व्यवहार के विरोध में सोमवार को जिला कोर्ट परिसर में जम्मू कश्मीर न्यायिक कर्मचारी संघ (जेईडब्ल्यूए) ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी से दुर्व्यवहार और उत्पीड़न करने वाले पुलिस अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
मामले को लेकर सोमवार को न्यायिक कर्मचारियों ने काम बंद रखा और विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि अपने कार्यालय में आने के दौरान जम्मू में सिदड़ा क्षेत्र में बस का इंतजार कर रहे सीजेएम मोहम्मद रफीक चक को पुलिस ने न सिर्फ बिना वजय परेशान किया बल्कि उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया गया। वरिष्ठ जेईडब्ल्यूए नेता रंजीत परिहार ने कहा कि न्यायिक अधिकारी द्वारा पहचान पत्र सहित अपनी पहचान जाहिर करने के बावजूद पुलिस अधिकारी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया जो चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि मामले में संलिप्त आरोपियों पर तुरंत एफआईआर की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह काफी आश्चर्यजनक है कि पुलिस गुंडों की तरह काम कर रही है। अगर वे न्यायिक अधिकारियों के साथ इस तरह का व्यवहार कर सकते हैं तो हम आम जनता से उनसे क्या उम्मीद कर सकते हैं। उन्होंने न्यायिक अधिकारी को परेशान करने के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की ताकि अधिकारी और संस्थान की गरिमा को बनाए रखा जा सके। विरोध कर रहे कर्मचारियों ने मुख्य न्यायाधीश जेएंडके उच्च न्यायालय और महानिदेशक पुलिस से अपील करते हुए मामले के दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सीजेएम के साथ हुए दुर्व्यवहार का किया विरोध
बार एसोसिएशन ने कामकाज रखा बंद
कार्रवाई को लेकर प्रस्ताव पारित कर भेजा उच्च न्यायालय
अमर उजाला ब्यूरो
उधमपुर। उधमपुर बार एसोसिएशन ने सीजेएम के साथ पुलिस की तरफ से किये गये अभद्र व्यवहार के मामले को लेकर विरोध जताया है। एसोसिएशन ने सोमवार को दिन भर कामकाज बंद रखा। मामले को लेकर एडवोकेट जयदेव सिंह सलाथिया की अध्यक्षता में आपात बैठक हुई, जिसमें बड़ी संख्या में बार सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में न्यायिक अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार करने वाले पुलिस अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रस्ताव पारित किया गया। बार ने इस संबंध में माननीय मुख्य न्यायाधीश उच्च न्यायालय में प्रस्ताव फैक्स किया। एसोसिएशन के सदस्यों ने न्यायिक अधिकारी के प्रति पुलिस अधिकारी के व्यवहार को लेकर चिंता व्यक्त की और संबधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने जम्मू-कश्मीर के मुख्य न्यायाधीश से इस संबंध में जल्द कार्रवाई शुरू करने की अपील की ताकि संस्थान की गरिमा को बनाए रखा जा सके और भविष्य में कोई इस तरह की कार्रवाई करने की हिम्मत न कर सके।
इस अवसर पर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रक्षा सलाथिया, अनुभाग अधिकारी गोपाल गुप्ता, अनुभाग अधिकारी चमन शर्मा, कुबेर सिंह, विजय कुमार, नेकराम दुबे, विनोद , बिमला देवी, अंशु शर्मा, बलवान सिंह, बालकृष्ण, जगदेव सिंह, सत पॉल, फारूक अहमद, आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।