दस दिन पहले पठानकोट से 300 बोरे चीनी लेकर श्रीनगर के लिए चले ट्रक चालक ने बनिहाल के चंबलबास इलाके में 210 बोरे चीनी बेच डाली। इस मामले में पुलिस ने दो दुकानदार और ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। हुआ यूं कि 5 अप्रैल को बनिहाल के सावनबास इलाके में लावारिस हालत में खड़े एक ट्रक (पीबी06एफ-2657) को पुलिस ने जब्त किया।
उसमें चीनी के कुछ बोरे लादे गए थे। पुलिस ने इस ट्रक के बारे में छानबीन किया तो पता चला कि वह पठानकोट निवासी जसपिंदर सिंह का था। पुलिस ने जसपिंदर से संपर्क साधा तो पता चला कि चिनैनी का रहने वाला ड्राइवर मो. असफर 30 मार्च को पठानकोट से 300 बोरे चीनी ट्रक में लेकर श्रीनगर के लिए निकला। उसके बाद से उसका पता नहीं चला।
इस सूचना पर पुलिस ने उस ड्राइवर को दबोचा और पूछताछ शुरू की। इससे खुलासा हुआ कि उसने बनिहाल के दो व्यापारियों एजाज अहमद और अरसित अहमद के हाथों उसने 210 बोरे चीनी बेच डाली। संभावित ठिकानों पर छापेमारी करने के बाद पुलिस ने कुल 151 बोरे चीनी बरामद की, जबकि 59 बोरे खाली भी मिले। बाकी भरे बोरे ट्रक में ही पड़े थे। उसके बाद इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों व्यापारियों और ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।