उधमपुर। शहर के साथ लगते बट्टलबालियां इलाके में रविवार शाम केे बिरमा नाले में नहाते समय ट्रक के मालिक व सह चालक की डूबने से मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शवों को नाले से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी अनुसार शाम करीब साढ़े पांच बजे बिरमा नाले के पास राजमार्ग पर रोके गए ट्रकों के कुछ चालक व सह चालक बिरमा नाले में नहाने के लिए गए। ट्रक नंबर जेके01एम-6097 का मालिक चालक आबिद (22) और सह चालक जाहिद अहमद (20) दोनों निवासी खरेउ पंपुरा श्रीनगर नहाने के लिए नाले की तरफ गए। दोनों के साथ कुछ और चालक भी थे। नहाते समय जाहिद अहमद गहरे स्थान पर चला गया और डूबने लगा, जब दूसरे को पता चला तो वह बचाने के प्रयास में गहरे स्थान की तरफ चला गया। जहां कुछ समय के बाद दोनों की डूबने से मौत हो गई। मौके से गुजर रहे कुछ युवकों ने जानकारी मिलने पर दोनों के शवों को नाले से बाहर निकाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंच शवों को बाहर निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया। दोनों के शवों का पोस्टमार्टम सोमवार को होगा और फिर शवों को परिवार के हवाले कर दिए जाएंगे।