किश्तवाड़। जिला के सब डिवीजन पाडर के दूरदराज इलाका तुंद्राड़ के जंगल में रविवार रात आग लगने से लगभग 300 भेड़-बकरियों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार देर शाम करीब आठ बजे पाडर से हिमाचल जाने वाले मार्ग के पास पड़ते जंगल में आग लग गई।
भेड़-बकरियों के मालिक निजामदीन निवासी पत्थरनकी कई वर्षों से तुंद्राड़ के जंगल में माल को लेकर रहते हैं। इनके अलावा तीन-चार परिवार और रहते हैं। जहां वह रहते हैं वहां से आधा किलोमीटर दूर वह भेड़-बकरियों को एक ग्वाड़ी में रखते थे। आग लगने का पता चलते पर वह मौके पर पहुंचे, लेकिन भेड़-बकरियों को नहीं बचा सके।
सोमवार सुबह पाडर का प्रशासन मौके पर पहुंचा। इसमें भाना प्रभारी एसएस बंद्राल व तहसीलदार सहित स्थानीय नेता थे। पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है। निजामदीन को शक है कि किसी ने आग लगाई हो। उन्होंने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। बीडीसी चेयरमैन नागसेनी एवं एसटी भाजपा के जिला प्रधान ने भी जायजा लिया। प्रशासन व राज्यपाल से सहायता की अपील की है। साथ ही जांच कराने की मांग की है।