रामनगर। यहां के कुंजू नाला इलाके में रहस्यमय परिस्थितियों में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। उधर, परिवार के सदस्यों ने हत्या का आरोप लगाया और निष्पक्ष जांच करने की गुहार लगाई।
मृतक व्यक्ति की पहचान मोहिंदर कुमार (23) पुत्र करतार चंद निवासी पलारन गांव के रूप में हुई है। मृतक के पिता करतार चंद ने बताया उनका बेटा रामनगर में बेकरी की दुकान पर काम करता था और सोमवार वह अपने नानके नगरोटा पंजग्रा गांव में चला गया था। मंगलवार सुबह मामा को कहीं जाने की बात कहकर निकल गया। दोपहर बाद परिवार के सदस्यों ने कई बार फोन किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बुधवार दोपहर बाद राह चल रहे लोगों को व्यक्ति का शव कुंजू नाले में दिखाई दिया। उन्होंने इसकी सूचना गांव के पूर्व सरपंच और रामनगर पुलिस को दी। वीरवार सुबह पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द किया गया। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच करने की गुहार लगाई। पुलिस मामला दर्ज कर जांच करने में जुटी है।