कटड़ा। धर्मनगरी में कई महीनों से हो रही हेलीकाप्टर टिकट बुकिंग मामले में धोखाधड़ी के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वैष्णो देवी माता तीर्थ यात्रा के लिए फर्जी ऑनलाइन हेलीकाप्टर टिकट बुकिंग धोखाधड़ी की शिकायतों के आधार पर कटड़ा पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
यात्रियों की ओर से मामला दर्ज कराने के बाद एसपी अमित भसीन ने विशेष टीमों का गठन किया था और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में टीम को भेजा था। एसडीपीओ कुलजीत सिंह के नेतृत्व में टीम ने गठन किया गया था। जिसमेें जांच के बाद बिहार राज्य में कुछ स्थानों पर निशानदेही के बाद विभिन्न स्थानों पर छापा मारा गया। लगातार प्रयासों के बाद टीम ने बिहार के खगड़िया जिले के भादुरपुर क्षेत्र से 03 जालसाजों को पकड़ा। इन जालसाजों की पहचान अशोक मिस्त्री निवासी डब्ल्यू शुंभा बिहार, संतोष कुमार निवासी शुंभा खगड़िया और लखपति पासवान निवासी सुंभा गाजी घाट, खगड़िया के रूप में हुई हैं।
पुलिस ने उनके कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की। आरोपी व्यक्तियों को सक्षम न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर कटरा लाया गया है। इसके अलावा तत्काल मामलों की जांच के दौरान 40 फर्जी वेबसाइटों की पहचान की गई और उन्हें ब्लॉक कर दिया गया है। जो श्री माता वैष्णो देवी तीर्थयात्रियों को फर्जी हेलीकाप्टर टिकट बेचने में शामिल थीं। वहीं अमित गुप्ता, जेकेपीएस, एसएसपी रियासी ने सभी तीर्थयात्रियों को सलाह दी कि वे हेलीकाप्टर टिकट जैसी सेवाओं की बुकिंग के लिए एसएमवीडी श्राइन बोर्ड की केवल आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग करें।