किश्तवाड़। चौगान मैदान में आयोजित ब्रदरहुड नॉकआउट क्रिकेट टूर्नामेंट 45 दिन बाद असरारिया क्रिकेट क्लब की जीत पर संपन्न हुआ। इसका आयोजन 26राष्ट्रीय रायफल ने किया, जिसमें जिले की 81 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता 30 अक्तूबर को शुरू हुई थी।
मंगलवार को फाइनल मैच में असरारिया क्रिकेट क्लब और वॉरियर्स किश्तवाड़ की भिड़ंत हुई। इस कांटे के मुकाबले में असरारिया ने वॉरियर्स को मात्र तीन रनों से हराया। असरारिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कुल 18 ओवरों में छह विकेट खोकर 127 रन बनाए। जिसमें मुबशिर शेख ने 36 गेंदों पर दो चौके और दो छक्कों की मदद से सर्वाधिक 41 रन बनाए। उनका सहयोग करते हुए आमिर नकीब ने 32 गेंदों में 32 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वॉरियर्स की टीम निर्धारित ओवरों में नौ विकेट गंवाकर मात्र 124 रन ही बना पाई। इसमें जसप्रीत सिंह ने छह चौकों और एक छक्के की सहायता से सर्वाधिक 48 रन बनाए। उनका साथ कुछ समय के लिए शाकिर किचलू और सावन माही ने दिया, जिन्होंने 13-13 रन बनाए। वहीं, सचिन, वजीर अहमद और समीर बागवान ने पारी में 2-2 विकेट चटकाए।
इसके बाद सेना ने विजयी टीम को 15 हजार, उपविजेता रही टीम को 10 हजार, तीसरे स्थान पर बासचर-11 और चौथे स्थान पर यूथ सरकूट क्लब टीमों को साढ़े सात हजार का नकद इनाम दिया गया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार सचिन को, सीरीज का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज आमिर नकीब को, सीरीज का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज समीर बागवान को और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट सलीम शेख को चुना गया।
फाइनल मैच के दौरान भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। इस अवसर पर सेना के अधिकारी ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता कराने का उद्देश्य युवा वर्ग को किसी गलत राह पर जाने से रोकना और उन्हें खेलों के प्रति आकर्षित कर प्लेटफॉर्म प्रदान करना था।