पंचैरी के बारिश पीड़ितों की सहायता के लिए शहर के सुभाष स्टेडियम में शनिवार को कोआपरेट चैरिटी कप क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पहले दिन दो मुकाबले खेले गए, जिनमें यंग ब्लड क्रिकेट क्लब और चंडी मां क्रिकेट क्लब ने जीत हासिल की।
पहला मुकाबला कल्लर क्रिकेट क्लब व यंग ब्लड क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। यंग ब्लड ने टास जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 137 रन बनाए। 138 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कल्लर क्रिकेट क्लब 103 रन बनाकर ढेर हो गई।
यंग ब्लड ने 34 रन के साथ जीत हासिल करके अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरा मुकाबला चोपड़ा शाप क्रिकेट क्लब व चंडी माता क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया।
चंडी माता क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 141 रन बनाए। चोपड़ा शाप क्रिकेट क्लब 131 रन बनाकर ही ढेर हो गई। चंडी माता क्रिकेट क्लब ने दस रन के अंतर से जीत हासिल की।
प्रतियोगिता के आयोजक प्रीतपाल सिंह ने बताया कि इस टूर्नामेंट से मिलने वाली सारी राशि पंचैरी व सद्दल में पीड़ित परिवारों में वितरित की जाएगी।