सीमा सुरक्षा बल की ओर से शनिवार को नव आरक्षकों के लिए दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया।
बीएसएफ के सहायक प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित दीक्षांत समारोह में बीएसएफ के महानिरीक्षक सीमांत मुख्यालय जम्मू राकेश शर्मा मुख्य अतिथि, जबकि सहायक प्रशिक्षण केंद्र के उप महानिरीक्षक जेसी सिंगला विशेष अतिथि थे।
इस मौके पर प्रशिक्षण पूरा करने वाले 343 नव आरक्षकों ने देश सेवा की शपथ ली। मुख्य अतिथि की ओर से पहले परेड का निरीक्षण करने के बाद नव आरक्षकों ने भारतीय संविधान की शपथ लेकर अपने आप को देश की रक्षा के लिए समर्पित किया।
नव आरक्षकों ने शानदार परेड से मुख्य मेहमान को सलामी दी। राकेश शर्मा ने सभी नव आरक्षकों को बुनियादी प्रशिक्षण पूरा करने के लिए बधाई दी और आशा प्रकट की कि वे सभी देश की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।
उप महानिरीक्षक जेसी सिंगला ने शानदार परेड के लिए प्रशिक्षक स्टाफ और नव आरक्षकों की जमकर तारीफ की।
प्रशिक्षण के दौरान शानदार प्रदर्शन करने वाले नव आरक्षकों को मुख्य मेहमान ने मेडल प्रदान करके सम्मानित किया। बैज नंबर 150 में सर्वश्रेष्ठ प्रथम मेडल नव आरक्षक सुमन थापा ने हासिल किया।
सर्वश्रेष्ठ द्वितीय दीपक क्षत्री, सर्वश्रेष्ठ ड्रिल और सर्वश्रेष्ठ एफपीईटी के मेडलों पर अमन क्षत्री तथा सर्वश्रेष्ठ निशानेबाज का मेडल तरनसील खरखर ने हासिल किया। बैज नंबर 151 में सर्वश्रेष्ठ प्रथम का मेडल अमित देव वर्मा, सर्वश्रेष्ठ द्वितीय मारकांडे कमार केवट, सर्वश्रेष्ठ ड्रिल रतर मंडल, सर्वश्रेष्ठ एफपीईटी सोहेल राण तथा सर्वश्रेष्ठ निशानेबाजी का मेडल कृष्ण कुमार सिंह को दिया गया। इस मौके पर कमांडेंट राजेश्वर सिंह, शेर-ए-कश्मीर पुलिस एकेडमी के डायरेक्टर दानिश राना और अन्य कई अधिकारी मौजूद रहे।