4,5 मैदान में खिलाड़ी शाट लगाते हुए
- फोटो : KATRA
कटड़ा। स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी कटड़ा प्रीमियर लीग सीजन-2 में शनिवार को दो मुकाबले खेले गए। इनमें इटावा, उत्तर प्रदेश और भद्रवाह की टीमों ने शानदार खेल दिखाते हुए जीत हासिल की।
दिन के पहले मैच में शौर्य क्रिकेट क्लब इटावा, उत्तर प्रदेश और गणपति स्ट्राइकर कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश की भिड़ंत हुई। हिमाचल की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 114 रन बनाए। टीम की ओर से बल्लेबाज साहिल ने 38 गेंदों में 35 और अखिल ने 20 गेंदों में 22 रन बनाए। इटावा के गेंदबाज विपिन ने चार ओवरों में 21 रन देकर तीन विकेट व गेंदबाज गुलशन ने मात्र दो ओवरों में 12 रन देकर तीन विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इटावा की टीम ने मात्र 8.4 ओवर में दो विकेट खोकर मैच आठ विकेट से अपने नाम कर लिया। इस पारी में बल्लेबाज अक्षत ने 21 गेंदों में विस्फोटक 48 रनों की पारी खेली और नाबाद रहे। इस पारी में उन्होंने चार चौके और चार छक्के जड़े। वहीं, बल्लेबाज गुलशन ने भी 21 गेंदों में 33 रनों की शानदार पारी खेली। मैच में गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए इटावा के हरफनमौला खिलाड़ी गुलशन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
-----
भद्रवाह ने कटड़ा को छह विकेट से धोया
दूसरे मैच में हूकड़ वॉरियर कटड़ा की भिड़ंत अहान क्रिकेट क्लब भद्रवाह से हुई। इसमें कटड़ा ने पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी की और 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 153 रन बनाए। इसमें सज्जाद गनी ने 56 रनों व आकिब ने 27 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भद्रवाह की टीम ने 18.2 ओवर में मैच छह विकेट से यह मैच अपने नाम कर लिया। इसमें बल्लेबाज गौरव ने 34 गेंदों में 54 रन और हर्षित ने 24 गेंदों में 42 रन बनाए। शानदार बल्लेबाजी के लिए गौरव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इसके लिए स्पोर्ट्स क्लब कटड़ा के वरिष्ठ सदस्य भारत भूषण सदोत्रा ने उन्हें 3100 रुपये का पुरस्कार दिया।
4,5 मैदान में खिलाड़ी शाट लगाते हुए- फोटो : KATRA