किश्तवाड़। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश वाईपी कोतवाल ने उपायुक्त, एसएसपी और एसएचओ छात्रू को नोटिस जारी कर 1 अप्रैल को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया है।
उल्लेखनीय है कि 6 मार्च को पारना छात्रू के एक आरोपी अब्दुल लतीफ की छात्रू के ही थाने में पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी। एनडीपीएस के तहत एक मामले में गिरफ्तार होने के बाद उसे पुलिस लॉकअप में रखा गया था, और कोर्ट रिमांड पर था। हिरासत में मौत के तुरंत बाद उपायुक्त किश्तवाड़ ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए, और एसडीएम मढ़वा को जांच मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया।
20 दिन से अधिक बीत जाने के बाद भी जांच मजिस्ट्रेट ने कोई निष्कर्ष नहीं निकाला। हालांकि, कई राजनीतिक और सामाजिक कार्यकर्ता घटना की न्यायिक जांच की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में स्थानीय वकीलों ने अदालत में आवेदन दिया था। अदालत ने मामले का संज्ञान लेते हुए डीसी, एसएसपी और संबंधित एसएचओ को अदालत में पेश होने के लिए नोटिस जारी किया है।
मंगलवार को इसी संबंध में बार एसोसिएशन ने एक प्रेसवार्ता भी की, जिसमें अधिवक्ता आईएम हमाल ने कहा कि इस हिरासती मौत की जांच करवाने के लिए सभी को एकत्र होना चाहिए। मांग है कि इसकी अति शीघ्र जांच की जाए।