उधमपुर। पुलिस थाना उधमपुर के अंतर्गत 11 नवंबर को 11.150 किलोग्राम भुक्की के साथ नशा तस्करी के आरोप में पकड़े गए पंजाब के गुरदासपुर निवासी लवप्रीत सिंह को अदालत ने 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
उसकी पुलिस रिमांड 19 नवंबर को समाप्त हो गई थी। मामले के जांच अधिकारी अभिनव भट्टी ने अदालत से आरोपी की न्यायिक रिमांड की मांग की थी, जो पहले से पुलिस हिरासत में है। उसे अदालत में पेश किया गया और अदालत के समक्ष रिमांड के कागजात पेश किए गए। अभियुक्त के कब्जे से 11 नवंबर को 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत 11.150 किलोग्राम भुक्की बरामद की गई थी। आरोपी की ओर से मुख्य कानूनी सहायता बचाव वकील सुरिंदर खजूरिया भी अदालत में मौजूद थे। पुलिस के आग्रह पर आरोपी को पहले 16 नवंबर को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया था, जिसकी अवधि 19 नवंबर को समाप्त हो गई थी। उसके खिलाफ लगाए गए अपराध को जघन्य और गैर-जमानती मानते हुए और जांच के प्रारंभिक चरण को देखते हुए अदालत ने न्यायिक रिमांड के लिए दी गई। अर्जी को अनुमति दे दी गई और आरोपी को 15 दिन की अवधि के लिए तीन दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया। इस अवधि के दौरान वह जिला जेल उधमपुर में रहेगा। अदालत ने पुलिस को जांच जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं।